तेन्जिंग शेरपा नोर्गे और एडमंड हिलेरी का नाम दुनिया में लोग जानते हैं। वैसे तो ये दोनों परिचय के मोहताज नहीं हैं, लेकिन उनसे जुड़ी कुछ और बातें चर्चा में हैं, क्योंकि २००३ एवरेस्ट विजय का स्वर्णजयंती वर्ष है। १९५३ में मई महीने की २९ तारीख को दुनिया की सबसे ऊँची चोटी पर पहुँचने वाले वे दोनों पहले व्यक्तियों में से थे। ब्रिटेन के लिए और भी गौरवपूर्ण बात थी, क्योंकि एक तो १९५३ की मई में महारानी एलिजाबेथ का राज्याभिषेक समारोह था, दूसरे इन दोनों एवरेस्ट विजेताओं ने पर्वतारोहण की ट्रेनिंग ब्रिटेन के विशेषज्ञों से ली थी, जबकि खुद ब्रिटेन के पर्वतारोही उससे पहले इस प्रयास में केवल असफल ही नहीं हुए, बल्कि अपनी जान से भी हाथ धो चुके थे।

२९ मई को अविस्मरणीय बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोर-शोर से आयोजन हो रहा है। ब्रिटेन, अमेरिका और न्यूजीलैंड में स्वर्णजयंती समारोह की भारी तैयारी है। इसे विशिष्ट बनाने के लिए विश्व के विभिन्न हिस्सों से एक हजार से ज्यादा पर्वतारोही ऊँचे शिखर पर पहुँचने जा रहे हैं, जिनकी योजना २९ मई को चोटी पर पहुँचने की है। खराब मौसम के कारण कई बार उन्हें वापस अपने शिविर में लौटना पड़ा है, लेकिन उनके हौसले में कोई कमी नहीं आई है। न्यूजीलैंड और अमेरिका में कुछ ज्यादा ही उत्साह है।

तेन्जिंग शेरपा के साथ एवरेस्ट विजय करने वाले हिलेरी ८३ वर्ष के थे और इनके बाद जिन दो के माथे पर इस सफलता का सेहरा बंधा, वे अमेरिकी थे। जुन्को ताबेई को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जो १९७५ में एवरेस्ट पर पहुँचने वाली पहली महिला थीं। उन्होंने भी आने की स्वीकृति दे दी है। वाकई इस समारोह को ऐतिहासिक बनाने की योजना है।

लेकिन एवरेस्ट के नाम और तेनजिंग शेरपा की नागरिकता को लेकर कई ऐसे प्रश्न सामने आए हैं, जिससे इस खुशी ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया है, जो समारोह के माहौल में खटास पैदा करने के लिए पर्याप्त है।

भारत-चीन-नेपाल की सीमा पर स्थित एवरेस्ट विवाद का विषय बना हुआ है। १९५३ में जो कुछ भी भारत के हाथ में था, उसे नेपाल ने विवाद से दूर रखा था; लेकिन अब दिल्ली को इन मामलों में खींचा जा रहा है, क्योंकि तेनजिंग ने भारतीय राष्ट्रीयता ले रखी थी और अपना सारा जीवन नेपाल में गुजारा था। नेपाल के विश्व-गौरवशाली अतीत को भी राजनीतिक उलटफेर से जोड़ दिया गया है। यह लंदन का नहीं, नेपाल का दुर्भाग्य है कि जो उसके लिए गौरव है, उसे आज अपने ही देश में राष्ट्रीय विभूति मानने को तैयार नहीं हैं।

कई सरकारी संगठन कह रहे हैं कि नेपाल में तेनजिंग को राष्ट्रीय विभूति के रूप में प्रस्तुत करें, लेकिन राजनीतिक नेताओं ने इसे राजनीतिक मोड़ दे दिया। इसलिए तेनजिंग राष्ट्रीय विभूति के हकदार नहीं हैं, क्योंकि १९३२ से लेकर मृत्युपर्यंत (१९८६) वे भारत में रहे। यह अलग बात है कि भारत की जमीन से चढ़ाई करने के बावजूद उन्होंने एवरेस्ट पर नेपाल का ही झंडा लहराया, लेकिन नेपाल ने उस समय भी इस विजय को उचित मान्यता नहीं दी और आज भी देने के पक्ष में नहीं है।

सीता का जन्मस्थल जनकपुर भी विवाद के घेरे में है, जो नेपाल में पड़ता है। १९५३ में जब तेनजिंग एवरेस्ट से नीचे उतरे, भारत के रास्ते लौटे तेनजिंग का भारत में सम्मान ग्रहण करना नेपालियों को अच्छा लगा या नहीं, इसका सही जवाब मुश्किल है; मगर आज नेपाली हलकों में इस बात पर खुसुर-फुसुर है कि शेरपा को भारत से नागरिकता और पासपोर्ट नहीं लेना चाहिए था, जो पं. नेहरू ने उन्हें बतौर सम्मान प्रदान किया। शेरपा ने उसे स्वीकारा और दार्जिलिंग में रहने लगे। वहीं उन्होंने पर्वतारोहण प्रशिक्षण संस्थान खोला और मृत्यु के अंतिम क्षण तक वहीं आवश्यक निर्देश देते रहे।

भारत में जिन हस्तियों को राष्ट्रीय विभूति का दर्जा दिया गया है उनमें महात्मा बुद्ध भी हैं, क्योंकि वे जहाँ जन्मे वह नेपाल ही है; लेकिन बुद्ध को भारत में ही दिव्यज्ञान प्राप्त हुआ, जिससे वे बुद्ध कहलाए। उनका महापरिनिर्वाण भी यहीं हुआ, मगर उन्हें दिव्यज्ञान देने वाला कोई राजनीतिक व्यक्ति नहीं था। इसलिए नेपाल सरकार ने बुद्ध को राष्ट्रीय विभूति मान लिया, इसके धार्मिक कारण भी होंगे। वैसे बुद्ध हमेशा से राजनीति के केंद्र में रहे हैं, लेकिन तेनजिंग के साथ ऐसा नहीं सुना।

तेन्जिंग शेरपा के पुत्र जाम्लिंग तेनजिंग स्वदेश में ही अपने पिता के प्रति इस रवैये से दुखी हैं। पिछले महीने वे दिल्ली आए और इस लेखक के साथ बातचीत के दौरान सिर्फ इतना कहा—“नेपाल सरकार उन्हें नेपाली के रूप में मान्यता दे, यह भारत और नेपाल दोनों के लिए सुखद अनुभूति होगी। यह वर्ष इसके लिए उपयुक्त अवसर भी है। आखिरकार मेरे पिता पैदा तो नेपाल में हुए और ठीक एवरेस्ट के नीचे। भारत में रहकर भी उनकी आत्मा नेपाल में ही बसती थी। सबसे ज्यादा उन्होंने शेरपाओं को चढ़ाई के गुर सिखाए।”

जैसे-जैसे स्वर्णजयंती समारोह की तारीख करीब आती जा रही है, शेरपाओं द्वारा संचालित नेपाल पर्वतारोहण संघ ने तेनजिंग को राष्ट्रीय विभूति घोषित करने की अपनी मांग तेज कर दी है। इस मांग को तकरीबन सत्तर हजार शेरपा आबादी का समर्थन है, जो प्रतिवर्ष पर्यटकों के जरिए सैकड़ों हजार डॉलर से ज्यादा देश की राष्ट्रीय आय में योगदान करते हैं।

पिछले पचास वर्षों में १६०० पर्वतारोही एवरेस्ट पर चढ़ चुके हैं, जिनके रहने-ठहरने की सारी व्यवस्था शेरपाओं ने की। इस वर्ष अमेरिका से आए पर्वतारोहियों में १४ महिलाएँ भी हैं, जो ७९८४ मीटर की ऊँचाई तक पहुँच चुकी हैं।

एवरेस्ट नाम को लेकर विवाद अभी सुलझा नहीं है। चीन भी अपना दावा काफी समय से भारत और नेपाल से ज्यादा ऊँची आवाज में रखता रहा है। उसी के तहत उसने एवरेस्ट विजय के नामकरण पर एक नया अभियान छेड़ रखा है। चीन के सरकारी अखबार चाइना डेली में छपे एक विवरण के मुताबिक इसका नाम माउंट छोमोलुंग्मा होना चाहिए, क्योंकि चीन के शासकों ने सर्वप्रथम १७१७ में इस चोटी का नक्शा तैयार किया था। इस आधार पर तिब्बत पर चीन का आधिपत्य सही है, जबकि एवरेस्ट नाम अंग्रेजों का दिया हुआ है।

अमेरिका में नेशनल जियोग्राफिक सोसायटी की ओर से स्वर्णजयंती समारोह के अवसर पर विशाल प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें हिलेरी भी शामिल होंगे, जो अब ८३ वर्ष के हो चुके हैं। इस प्रदर्शनी में एवरेस्ट चढ़ाई के पिछले ५० वर्षों में कीर्तिमान स्थापित करने वालों की झाँकी प्रस्तुत की गई है। एवरेस्ट चढ़ाई की अब तक की सारी सफलताओं का श्रेय लेने वाले ब्रिटेन के दो पर्वतारोही १९२४ में ८७१०.५ मीटर की ऊँचाई के आधे पर पहुँचते-पहुँचते लापता हो गए। १९५३ के रिकॉर्ड के दस साल बाद दो ब्रिटानियों का और मई १९७८ में दो अमेरिकियों का बिना ऑक्सीजन सिलिंडर के चोटी पर पहुँचना इस प्रदर्शनी में उल्लेखनीय है।